Bihar: अस्पताल की छत पर चढ़ा युवक, फेसबुक में लाइव आकर दी सुसाइड की धमकी; परिसर में मचा हड़कंप
दरभंगा के केवटी सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर एक युवक अस्पताल की छत पर चढ़ गया और फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक का आरोप था कि कई बार शिकायत के बावजूद अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। पुलिस ने समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

– फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अस्पताल की ऊपरी मंजिल की छत पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर विरोध जता रहा था। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
छत पर खड़े होकर युवक जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपनी मांगों को सार्वजनिक कर रहा था। उसने फेसबुक लाइव के माध्यम से आरोप लगाया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे और मरीजों के इलाज से जुड़ी कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस संबंध में उसने कई बार अस्पताल प्रशासन, सिविल सर्जन और जिला प्रशासन को लिखित आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एक घंटे का अल्टीमेटम देकर दी आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी
युवक ने वीडियो में अधिकारियों को एक घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि उसकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह छत से कूदकर जान दे देगा। उसकी इस चेतावनी के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छत पर चढ़े युवक की पहचान केवटी पंचायत के बनवारी गांव निवासी खुर्शीद शेर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार खुर्शीद पहले भी अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।
पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल से करीब 200 मीटर दूर स्थित केवटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। केवटी थानाध्यक्ष सदन राम ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उससे बातचीत की जा रही है और उसकी शिकायतों को लिखित रूप में देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि युवक की मांगों और शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar News : टेंडर घोटाले में जांच का आज बड़ा दिन, दो IAS और रिशुश्री की एक कंपनी निदेशक के घर जांच
ये हैं युवक की प्रमुख मांगें
खुर्शीद शेर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उनकी प्रमुख मांगों में डिजिटल एक्स-रे मशीन और अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना, प्रसव के बाद कथित अवैध वसूली पर रोक, पर्याप्त संख्या में स्टाफ नर्सों की नियुक्ति, एक्स-रे टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, ड्रेसर और कंपाउंडर की उपलब्धता, कार्यालय कर्मियों की तैनाती तथा एंबुलेंस सुविधा को मजबूत करना शामिल है।
अस्पताल प्रशासन ने क्या कहा?
सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल कुमार लाल ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से भी युवक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि युवक द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित वरीय अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि पुलिस की सतर्कता और समय पर हस्तक्षेप से एक बड़ा हादसा टल गया।